इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र में घर में काम करने वाली बाई द्वारा विश्वासघात कर चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। आरोपी महिला ने बेडरूम में रखी अलमारी की दराज से गृहस्वामिनी का सोने का मंगलसूत्र और दो सोने की अंगूठियां पार कर दीं। अलमारी से जेवरात गायब मिलने पर गृहस्वामी को नौकरानी पर संदेह हुआ, जिसकी शिकायत पुलिस में की गई। फरियादी की रिपोर्ट पर विजय नगर थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, विजय नगर निवासी राजेश पिता बाबूलाल पाटनी ने थाना पहुंचकर चोरी की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उनके घर पर सुखलिया निवासी सोनी तिवारी नामक महिला घरेलू सहायिका के रूप में काम करती है। घटना वाले दिन जब उनकी पत्नी ने बेडरूम की अलमारी की दराज संभाली, तो उसमें रखे सोने के आभूषण गायब थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब जेवरात नहीं मिले, तो घर में काम करने वाली बाई सोनी तिवारी की गतिविधियों पर संदेह गहराया। घर में अकेली आवाजाही का फायदा उठाकर बाई सोनी तिवारी अलमारी की दराज से उनकी पत्नी का सोने का मंगलसूत्र और 02 सोने की अंगूठियां चोरी कर ले गई।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



