सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

बीमा एजेंट महिला से ठगी..दुबई में कस्टम चेकिंग का झांसा देकर लगाई 44 हजार की चपत

इंदौर। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर ठगी करने वाले साइबर जालसाजों ने बाणगंगा थाना क्षेत्र की एक बीमा एजेंट महिला को अपना शिकार बना लिया। आरोपी ने खुद को दुबई…

इंदौर। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर ठगी करने वाले साइबर जालसाजों ने बाणगंगा थाना क्षेत्र की एक बीमा एजेंट महिला को अपना शिकार बना लिया। आरोपी ने खुद को दुबई एयरपोर्ट पर कस्टम और एम्बेसी में फंसे होने का झांसा देकर महिला से दो किस्तों में 44 हजार रुपये ऐंठ लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता संगीता निवासी बाणगंगा की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पीड़िता ने बताया कि फेसबुक पर ओमकुमार नाम के व्यक्ति से उनकी बातचीत होती थी। 19 सितंबर को आरोपी ने मैसेंजर और फिर व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर कहा कि वह दुबई एयरपोर्ट पर कस्टम जांच में फंस गया है और उसे तुरंत पैसों की जरूरत है। दोस्ती के झांसे में आकर महिला ने आरोपी द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर पहले 25 हजार और फिर 19 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब आरोपियों ने खुद को अधिकारी बताकर 55 हजार रुपये की और मांग की, तो पीड़िता को शक हुआ। रकम देने से इनकार करने पर आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी के नंबर और बैंक खातों की पड़ताल शुरू कर दी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें