इंदौर। शिप्रा थाना क्षेत्र के मांगलिया गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक कलयुगी पति ने अपनी ही पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। नशे में धुत आरोपी पति ने धारदार ब्लेड से पत्नी की गर्दन काट दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को उसके जीजा ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका जानलेवा हमला, इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता गौरी पति सुनील(28) मूल रूप से धार जिले के बाग-टांडा क्षेत्र की रहने वाली है। दंपति मजदूरी करते हैं और करीब 15 दिन पहले ही गुजरात से काम निपटाकर मांगलिया में रहने आए थे। दंपति के चार छोटे बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां शामिल हैं। घटना के समय आरोपी पति शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने आपा खोते हुए ब्लेड से पत्नी के गले पर वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर रिश्तेदार और पड़ोसी पहुंचे तो आरोपी भाग निकला। जीजा धीरज गंभीर हालत में गौरी को एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। शिप्रा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर पति की तलाश शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 21 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



