एरोड्रम पुलिस ने बुजुर्ग महिला को मकान बेचने का झांसा देकर 20 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता की जनसुनवाई में की गई शिकायत और प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, अखंड नगर निवासी मंजू वर्मा ने कृष्णबाग कॉलोनी स्थित 15²45 वर्ग फीट का ग्राउंड फ्लोर मकान खरीदने का सौदा किया था। इस दौरान आरोपी राजू नरवरिया ने संदीप उर्फ गोलू राठौर, पंकज यादव और अन्य साथियों के साथ मिलकर खुद को मकान का मालिक बताया। झांसे में आकर पीड़िता ने दिसंबर 2024 से मार्च 2025 के दौरान अलग-अलग किस्तों में 20 लाख आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। रकम ऐंठने के बाद आरोपी रजिस्ट्री कराने में बहानेबाजी करने लगे। महिला ने जब पड़ताल की तो पता चला कि मकान राजू नरवरिया का है ही नहीं, बल्कि उसका असली मालिक रमण कोठना है, जिसने इसे 2012 में ताराबाई से खरीदा था।
ठगी उजागर होने पर जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। मई 2025 में आरोपी शुभम कुशवाह ने फोन पर पीड़िता को सीधे पैसे हजम करने की बात कह डाली। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी शुभम और उसके साथी पहले भी जालसाजी के मामलों में जेल की हवा खा चुके हैं। एरोड्रम पुलिस ने संदीप उर्फ गोलू, पंकज यादव, राजू नरवरिया, शुभम कुशवाह और राकेश प्रजापत के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 1 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



