इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र में रसोमा इलाके की एक होटल में काम करने वाले कर्मचारी द्वारा जहर खाकर जीवन लीला समाप्त करने का मामला सामने आया है। जहर खाने के बाद परिजन युवक को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर विजय नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक का नाम सुरेश पिता बजीरा (50) निवासी अंजनी नगर है। परिजनों ने बताया कि मृतक रसोमा इलाके की एक होटल में काम करता था। बीते 27 अगस्त को वह होटल से काम खत्म कर निकला था, जिसके बाद उसने अज्ञात कारणों के चलते जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी सांसें थम गईं। पुलिस खुदकुशी के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों के बयान दर्ज कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 31 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



