सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

होटल के कमरे की दूसरी चाबी देने पर विवाद

कर्मचारी ने ग्राहक के सिर पर हथौड़ी से किया वार, केस दर्ज

भंवरकुआं थाना क्षेत्र स्थित होटल राणा पैलेस में कमरे की सुरक्षा और दूसरी चाबी देने की बात पर विवाद के दौरान हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित ग्राहक द्वारा बिना पूछे कमरे की दूसरी चाबी एजेंट को देने पर सवाल उठाने से नाराज होटल कर्मचारी ने गालियां देते हुए काउंटर से हथौड़ी निकालकर ग्राहक के सिर पर मार दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी दीपक पिता मोहनलाल प्रजापत निवासी भगवंती नगर, देवास ने भंवरकुआं थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उसने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल राणा पैलेस में रुकने के लिए एक कमरा बुक किया था और कमरे का दरवाजा लॉक कर अपनी पत्नी को लेने बाणगंगा चला गया था। जब वह पत्नी को लेकर वापस होटल पहुंचा, तो उसने देखा कि उसके कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। इस पर पीड़ित ने होटल के कर्मचारी अमन पिता भागीरथ निवासी खंडवा रोड, लिंबोदी से पूछा कि जब वह कमरा लॉक करके गया था तो दरवाजा कैसे खुला। कर्मचारी अमन ने बताया कि उसने कमरे की दूसरी चाबी फरियादी के साथ आए एजेंट को दी थी। जब फरियादी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि वह तो होटल का एजेंट है, तो उससे बिना पूछे कमरे की चाबी क्यों दी गई, इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बहस बढ़ते ही आरोपी अमन भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए काउंटर से लोहे की हथौड़ी उठा लाया। आरोपी ने फरियादी के सिर पर हथौड़ी से सीधा वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। फरियादी की पत्नी ने तुरंत बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। जाते-जाते आरोपी अमन ने धमकी दी कि आज तो बच गया, आइंदा मिला तो जान से खत्म कर दूंगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें