सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

स्कूटर टच होने पर युवकों की गुंडागर्दी, बीच- बचाव करने आए वृद्ध के पेट में मारा चाकू

इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र में देर रात गाड़ियां टच होने की मामूली बात पर युवकों ने जमकर गदर मचाया। विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे एक 66 वर्षीय वृद्ध पर बदमाशों…

इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र में देर रात गाड़ियां टच होने की मामूली बात पर युवकों ने जमकर गदर मचाया। विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे एक 66 वर्षीय वृद्ध पर बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और गले से सोने की चेन झपटकर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दो फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना भोलाराम उस्ताद मार्ग चाय बैठक कैफे के सामने घटी। फरियादी संजय हार्डिया अपने भाई विनोद हार्डिया (66) के साथ किराना दुकान बंद कर घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान गली से गुजर रहे कृष्णा नामक युवक का स्कूटर आरोपियों की गाड़ी से हल्का सा टच हो गया। इसी बात को लेकर आरोपी निखार, चेतन परमार और महावेंद्र पगारे तीनों निवासी तेजपुर गड़बड़ी गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। जब बुजुर्ग विनोद हार्डिया बीच- बचाव करने आगे आए, तो बेखौफ बदमाशों ने चाकू निकालकर उनके पेट और हाथों पर कई वार कर दिए, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी विनोद के गले से सोने की चेन लूटकर भागने लगे। शोर सुनकर एकत्र हुए लोगों ने भाग रहे आरोपी निखार को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि चेतन और महावेंद्र अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 17 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें