सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

एपीके फाइल डाऊनलोड करना पड़ा महंगा खाते से उड़ाए 99 हजार

इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों द्वारा एपीके फाइल के जरिए मोबाइल हैक कर बैंक खाते से हजारों रुपये साफ करने का मामला सामने आया है। फरियादी को…

इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों द्वारा एपीके फाइल के जरिए मोबाइल हैक कर बैंक खाते से हजारों रुपये साफ करने का मामला सामने आया है। फरियादी को चकमा देकर मोबाइल में मालवेयर फाइल डाउनलोड कराई गई, जिससे कुछ देर के लिए उसका फोन पूरी तरह से हैक और हैंग हो गया। इसी दौरान शातिर साइबर अपराधियों ने फरियादी के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 99 हजार रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित की शिकायत पर चंदन नगर थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ताप्ती परिसर ब्लॉक बी निवासी हरविंदर पिता अजमेर सिंह झंज ने चंदन नगर थाने पहुंचकर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल फोन पर अज्ञात नंबर से एक एपीके फाइल प्राप्त हुई थी। जैसे ही उन्होंने उत्सुकतावश उस फाइल को डाउनलोड कर इंस्टॉल किया, उनका मोबाइल फोन तुरंत हैक हो गया और उसने काम करना बंद कर दिया। थोड़ी देर के लिए फोन हैंग हो गया और कोई भी कमांड काम नहीं कर रहा था। इसके बाद गत 19 सितंबर को दोपहर फरियादी के मोबाइल पर बैंक का मैसेज आया, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। मैसेज के अनुसार उनके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से कुल 99,000 रुपये कट गए। साइबर जांच में सामने आया कि ठगों ने यूपीआई आईडी के माध्यम से यह राशि ‘मुस्तफा अली' नामक व्यक्ति की गूगल पे आईडी पर ट्रांसफर कर ली है। चंदन नगर थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से जिस बैंक खाते में राशि ट्रांसफर हुई है, उसकी तकनीकी जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। चंदन थाना क्षेत्र में ही वर्धमान नगर निवासी नीरज पिता संतोष चौहान के खाते से भी एपीके फाइल डाऊनलोड करने के बाद एक लाख रुपए उड़ा लिए गए। फरियादी ने पुलिस को बताया कि मेरे मोबाइल पर एक एपीके फाइल आई थी जिसे मैने डाउनलोड किया तो मेरा मोबाइल हैक हो गया और मोबाइल कुछ समय के लिये काम करना बंद कर दिया फिर उसके कुछ देर बाद मेरे पास मैसेज आया कि 13 दिसम्बर मेरे आईडीबीआई बैक खाता से कुल 100000 रुपये डेबिट हुये। इस प्रकार ओनलाईन वित्तीय धोखाधडी की गई है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें