इंदौर। सदर बाजार थाना क्षेत्र में सरेराह एक कामकाजी युवती के साथ मारपीट और अभद्रता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते रास्ते में युवती को रोककर न केवल गालियां दीं, बल्कि हाथ-मुक्कों से पीटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और जाते- जाते जान से खत्म करने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, अहिल्या पल्टन निवासी मोना पिता दुर्गालाल ने सदर बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बीती शाम वह अपने घर से जेल रोड पर मेहंदी का काम करने के लिए अपनी एक्टिवा स्कूटी से जा रही थीं। जब पीड़िता रामबाग पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तो वहां पहले से मौजूद आरोपी शाहिद उर्फ सोनू निवासी शालीमार कॉलोनी, खजराना ने उन्हें रोक लिया और अचानक गाली-गलौच करने लगा। जब युवती ने उसे अभद्र भाषा का प्रयोग करने से मना किया, तो आरोपी गुस्से में आ गया और उनके साथ हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में पीड़िता के नाक और होंठ पर गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट करने के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ, और वह जाते-जाते धमकी दे गया कि आज तो तू बच गई, लेकिन अगर आइंदा मुझे रास्ते में मिली तो जान से खत्म कर दूंगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 October 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



