सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

गोदाम से तांबे-पीतल के बर्तन चुराने वाली गैंग धराई, कबाड़ी समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

महंगे शौक पूरे करने के लिए करते थे वारदातें, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

गोदाम से तांबे-पीतल के बर्तन चुराने वाली गैंग धराई, कबाड़ी समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। देपालपुर थाना क्षेत्र के तकीपुरा में एक गोदाम को निशाना बनाकर कीमती बर्तन चुराने वाले शातिर बदमाशों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो चोरों सहित चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए तांबे और पीतल के भारी बर्तन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 55 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, गत 2 अक्टूबर को तकीपुरा स्थित एक गोदाम से तांबे व पीतल के कीमती बर्तन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए देपालपुर पुलिस ने तत्काल जांच टीम गठित की और घटनास्थल व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने 6 अक्टूबर को दबिश देकर आरोपी समीर उर्फ गोलू और सन्नी को हिरासत में लिया। सख्त पूछताछ में आरोपियों ने गोदाम से बर्तन चुराने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए बर्तनों में से तांबे की बड़ी थाली उनके पास थी, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये है। वहीं, चोरी का बाकी सामान उन्होंने कबाड़ी इम्तियाज उर्फ मौलाना को बेच दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कबाड़ी इम्तियाज को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से 25 हजार रुपये मूल्य की पीतल की थाली बरामद की। पुलिस तीनों आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य संभावित चोरियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें