विजय नगर थाना क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की मामूली टक्कर के बाद विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। बीती रात काम से घर लौट रहे एक मोटरसाइकिल सवार युवक की स्कूटी से टक्कर हो गई, जिसके बाद स्कूटी सवारों ने गाली- गलौच करते हुए युवक की जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, काजी की चाल मालवा मिल निवासी फरियादी रितिक पिता राकेश ठाकुर ने विजय नगर थाने में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई है। रितिक ने पुलिस को बताया कि बीती रात वह अपना काम खत्म करके मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान विजय नगर स्थित रघुनाथ पेट्रोल पंप के सामने सामने से आ रही एक स्कूटी से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर होते ही स्कूटी चला रहा युवक और उसका साथी मोटरसाइकिल सवार रितिक से विवाद करने लगे और गाली- गलौच करने लगे। जब रितिक ने उन्हें गाली देने से मना किया, तो आरोपी अमन वर्मा और उसके साथी ने आपा खो दिया और रितिक के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



