इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के गोविंद कॉलोनी में घर के सामने गाड़ी खड़ी करने जैसे मामूली विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच गाली- गलौज के बाद मोगरी, ईंट और पत्थर चलने लगे। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 5 लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुँची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रास केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाणगंगा पुलिस के अनुसार, यह घटना गोविंद कॉलोनी स्थित जय गिरनारी रेस्टोरेंट के सामने वाली गली में घटित हुई। पहले पक्ष की ओर से फरियादी हर्ष पिता गोविंद प्रजापत की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अशोक प्रजापत, राकेश प्रजापत, गोलू प्रजापत और यश प्रजापत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फरियादी हर्ष ने पुलिस को बताया कि उसके अंकल प्रदीप प्रजापति घर के सामने कार पार्क कर रहे थे, तभी आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब गाली देने से मना किया गया, तो आरोपियों ने लामबंद होकर मोगरी और पत्थरों से हमला बोल दिया। हमले में उसकी आंटी कांता बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं बीच-बचाव करने आए उसके पिता गोविंद, भाई गौरव और हरिओम के साथ भी आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की। वहीं दूसरे पक्ष के फरियादी राकेश पिता महेशचंद्र प्रजापति की रिपोर्ट पर बाणगंगा पुलिस ने आरोपी गौरव, प्रदीप और गोविंद के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी राकेश ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि प्रदीप प्रजापति ने अपना कमर्शियल वाहन बीच सड़क पर खड़ा कर दिया था। जब पड़ोसी पवन प्रजापति ने अपनी कार निकालने के लिए गाड़ी हटाने को कहा और सही तरीके से वाहन खड़ा करने की सीख दी, तो आरोपी विवाद करने लगे। बात बढ़ने पर आरोपियों ने हमला बोलते हुए ईंटों से मारना शुरू कर दिया। बाणगंगा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



