इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ उसके ही पति द्वारा जबरदस्ती करने और विरोध करने पर महिला व उसके बेटे के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपी पति ने कमरे का दरवाजा बंद कर महिला की मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की और बीच-बचाव करने आए मासूम बेटे का भी गला दबा दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 39 वर्षीय पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने घर पर थी। जैसे ही वह वॉशरूम से बाहर आई, उसके पति ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास करने लगा। जब पीड़िता ने विरोध किया और रोकना चाहा, तो आरोपी ने गालियां देते हुए थप्पड़-मुक्कों से उसकी पिटाई कर दी और गला दबाने की कोशिश की। मां को पीटता देख जब उनका बेटा बीच- बचाव करने पहुंचा, तो आरोपी पति ने बेटे का भी गला दबा दिया और उसे मारपीट करते हुए दरवाजे के बीच में दबा दिया। इस हमले में बेटे के बाएं हाथ और गले में गंभीर चोटें आई हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 10 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



