तिलक नगर थाना क्षेत्र में बंगाली चौराहे के पास स्थित एक बहुमंजिला इमारत में अज्ञात बदमाश दिनदहाड़े एक सूने फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलमारी में रखे दो लाख रुपये नगद समेटकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित की शिकायत पर तिलक नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार, बंगाली चौराहा स्थित खनक विहार अपार्टमेंट में रहने वाले फरियादी डार्सल जैतवार पिता युगल किशोर जैतवार मूल निवासी ग्राम रमरमा, तहसील बारासिवनी, जिला बालाघाट ने थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि जब वह अपने घर से बाहर गए हुए थे, उसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने फ्लैट को निशाना बनाया। बदमाशों ने मुख्य दरवाजे पर लगा ताला तोड़ा और घर के अंदर प्रवेश कर अलमारी का लॉक तोड़ दिया। अलमारी में रखे नकदी 2 लाख रुपये चोरी कर बदमाश मौके से फरार हो गए। जब फरियादी वापस लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तिलक नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



