खुड़ैल थाना क्षेत्र स्थित फार्म हाउस में आयोजित एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान तलवारबाजी की वारदात सामने आई है। कार से आए बेखौफ बदमाशों ने फार्म हाउस के गार्डन में बैठे युवकों पर धारदार तलवारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। पीड़ित की शिकायत पर खुड़ैल थाना पुलिस नेआरोपी और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वारदात ग्राम जामनिया खुर्द स्थित ओरा फार्म हाउस पर तड़के करीब 3 बजे घटित हुई। फरियादी कुश पिता अशोक करोड़िया, निवासी सिद्धार्थ नगर, इंदौर ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी। फरियादी ने बताया कि 10 सितंबर को उनकी दोस्त आस्था वैष्णव की बर्थडे पार्टी ओरा फार्म हाउस पर आयोजित की गई थी। तड़के करीब 3 बजे जब वह अपने दोस्त दिपीन राय पिता राय चेरियन, निवासी एम्पायर स्टेट, बिचौली मर्दाना और मोहित मनवानी के साथ फार्म हाउस के गार्डन में बैठे हुए थे, तभी एक संदिग्ध कार वहां आकर रुकी। कार से मुख्य आरोपी श्रवण ठाकुर उतरा और उसने बिना किसी कारण के सीधे दिपीन राय के सिर पर दाहिनी तरफ तलवार से जोरदार वार कर दिया। साथी को खून से लथपथ देख जब कुश उसे बचाने दौड़ा, तो आरोपी श्रवण ठाकुर ने उस पर भी तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में कुश के दाहिने कंधे, पीठ और सिर में बायीं तरफ कान के ऊपर गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान आरोपी श्रवण के दो अन्य साथी भी हाथ में नंगी तलवारें लेकर कार से बाहर निकले और गाली- गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां देकर मारपीट करने लगे। हमले को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। फरियादी के मुताबिक आरोपियों की गाड़ी की नंबर प्लेट पर ठाकुर एमपी जेके 2100 लिखा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही खुड़ैल थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायलों को तत्काल इलाज और मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने फरियादी कुश की रिपोर्ट पर आरोपी श्रवण ठाकुर और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और नंबर प्लेट के आधार पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन इस बिंदु पर भी गहन जांच कर रहा है कि क्या ओरा फार्म हाउस में देर रात तक आयोजित इस बर्थडे पार्टी की वैध अनुमति ली गई थी और पार्टी में शामिल लोगों की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी या नहीं। अनुमति न पाए जाने पर फार्म हाउस संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



