क्षिप्रा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में पिता की मौत हो गई जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि मांगलिया टोल प्लाजा के समीप एक अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में पिता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका 19 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों गमी के एक कार्यक्रम में शामिल होकर भोपाल से इंदौर अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बताते है कि शिव नगर मूसाखेड़ी निवासी 48 वर्षीय लीलाकृष्ण (48) अपने 19 वर्षीय बेटे रोहन के साथ बाइक पर सवार होकर भोपाल गए थे। भोपाल में एक रिश्तेदार के यहां गमी के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोनों पिता-पुत्र वापस इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान मांगलिया टोल नाके के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों और पुलिस की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद लालकृष्ण को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल बेटे रोहन का इलाज जारी है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक लालकृष्ण साफ- सफाई का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का सुराग लगाया जा रहा है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



