तिलक नगर थाना क्षेत्र स्थित एसेंशिया होटल के पास बाइक सवार अज्ञात बदमाशों द्वारा एक राहगीर युवक के साथ अकारण गाली-गलौज, मारपीट और चाकूबाजी करने का मामला सामने आया है। फरियादी की शिकायत पर तिलक नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अवलिया जिला खंडवा निवासी फरियादी रवि पिता रामा भलराय ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह खंडवा से इंदौर अपने परिवार से मिलने के लिए आया था। बस से पिपलियाहाना चौराहे पर उतरने के बाद वह पैदल चलते हुए एसेंशिया होटल के पास पहुंचा ही था, तभी बाइक से कुछ अज्ञात युवक वहां आ पहुंचे। बदमाशों ने पीड़ित को रोककर अकारण विवाद करते हुए कहा कि ‘तू यहां क्यों आता है'। जब फरियादी ने बदमाशों को गाली-गलौज करने से मना किया, तो वे उग्र हो गए और उसके साथ झूमाझटकी करते हुए हाथ-घूंसों से मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक बदमाश ने अपनी जेब से चाकू निकाला और रवि पर हमला कर दिया। चाकू फरियादी के दाहिने हाथ के बाजू पर लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। तिलक नगर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान की जा सके।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 26 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



