सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

फालिया लेकर सार्वजनिक स्थान पर घूम रहा हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

रक्षाबंधन पर पुलिस की मुस्तैदी से पकड़ाया आरोपी

शहर में रक्षाबंधन के त्यौहार को देखते हुए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा एवं गश्त अभियान के तहत सदर बाजार थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इलाके के एक आदतन अपराधी और हिस्ट्रीशीटर को धारदार हथियार (फालिया) के साथ सार्वजनिक स्थान पर घूमते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी क्षेत्र में किसी वारदात की नीयत से घूम रहा था, जिसे पुलिस की सतर्कता से समय रहते दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार, रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर थाना प्रभारी पी.एल. शर्मा के निर्देशन में बीट पार्टियों और पुलिस कर्मचारियों को क्षेत्र में विशेष गश्त व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए थे। इसी दौरान गश्ती दल को सूचना मिली कि थाने का सूचीबद्ध आदतन अपराधी भरत पिता नारायण सुनहरे निवासी गणेश मंदिर के पास, जूना रिसाला हाथ में एक धारदार फालिया लेकर खुलेआम घूम रहा है और आमजन में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही बीट प्रभारियों और गश्ती टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और आरोपी भरत सुनहरे को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके कब्जे से अवैध धारदार फालिया जब्त किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी भरत के खिलाफ पूर्व से ही विभिन्न थानों में करीब 15 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं। सदर बाजार थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 29 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें