इंदौर। एमजी रोड और संयोगितागंज थाना क्षेत्रों में चोरी की दो अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। एमजी रोड इलाके में अज्ञात बदमाश खुले दरवाजे का फायदा उठाकर घर के भीतर दाखिल हुआ और नकदी सहित तीन मोबाइल फोन चुराकर फरार हो गया। वहीं दूसरी ओर, संयोगितागंज थाना क्षेत्र में एक बंद पड़े पुराने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने बर्तन, घरेलू सामान, बिजली के उपकरण और नकदी समेत करीब 40 हजार रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। दोनों ही मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर संबंधित थानों की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एमजी रोड थाना क्षेत्र के नयापुरा निवासी मो. रईस पिता मो. यासिन अंसारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान कोई अज्ञात चोर घर का दरवाजा खुला पाकर चुपके से अंदर घुस आया। बदमाश ने रईस के लोअर में रखी नकद राशि और उनकी व पत्नी के मोबाइल समेत कुल 3 मोबाइल फोन चुरा लिए और रफूचक्कर हो गया। एमजी रोड थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। चोरी की दूसरी वारदात संयोगितागंज थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां चंद्रलोक चौराहा निवासी संजय कोठारी पिता भूपचंद कोठारी के प्रकाश नगर स्थित पुराने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। फरियादी संजय कोठारी के अनुसार, उनके बंद पड़े पुराने घर से अज्ञात आरोपी पुराने टाइप की अनाज रखने वाली स्टील की कोठियां, पानी के हांड़े, डिनर सेट, लोहे की सीढ़ियां, बिजली के उपकरण और नकदी चुराकर ले गया। चोरी गए कुल सामान की कीमत लगभग 40 हजार रुपये आंकी गई है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



