इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोपेड सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका 6 वर्षीय पोता बाल-बाल बच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद अज्ञात बाइक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुखराम पिता कन्हैयालाल व्यास निवासी खुड़ैल के रूप में हुई है। सुखराम पेशे से किसान थे। वे शनिवार देर शाम अपने 6 साल के पोते वंश को मोपेड पर बैठाकर घर के पास ही दुकान से घी लेने निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुखराम के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि पीछे बैठा पोता वंश मामूली रूप से घायल हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। खुड़ैल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बाइक सवार की तलश शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



