कनाड़िया थाना क्षेत्र में कूरियर पार्सल ट्रैकिंग के नाम पर एक बुजुर्ग के साथ 1 लाख 20 हजार रुपये की डिजिटल धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शातिर साइबर ठगों ने झांसा देकर पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से भारी-भरकम राशि का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर लिया। खाते से रकम कटने का अहसास होते ही पीड़ित ने पुलिस की शरण ली। फरियादी की शिकायत पर कनाड़िया थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बिजली नगर निवासी 63 वर्षीय फरियादी प्रकाश पिता गणपत राव सातपुते ने थाने पहुंचकर साइबर प्रॉड की रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वे अपने डीटीडीसी कूरियर के पार्सल को ट्रैक करने की कोशिश कर रहे थे, तभी मोबाइल नंबर 9082584648 और 6394337996 के धारकों ने उनसे संपर्क किया और पार्सल ट्रैकिंग की प्रक्रिया पूरी करने का झांसा दिया। आरोपियों ने पार्सल की जानकारी अपडेट करने के बहाने बुजुर्ग को बातों में उलझाया और उनके क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। इसके तुरंत बाद फरियादी के क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 20 हजार रुपये का अनधिकृत ट्रांजैक्शन कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। कनाड़िया थाना पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और संबंधित मोबाइल नंबरों की लोकेशन व कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर जांच साइबर सेल को सौंप दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 3 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



