इंदौर। राजवाड़ा क्षेत्र में गुरुवार को महाराष्ट्र से आए एक टूरिस्ट ड्राइवर की अचानक हृदय गति रुकने से मौत हो गई। मृतक श्रद्धालुओं को महाकाल और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराने के लिए इंदौर लाया था। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस के अनुसार, अमरावती महाराष्ट्र निवासी 50 वर्षीय नितिन पिता रामचंद्र पेशे से ड्राइवर थे। वे अमरावती से श्रद्धालुओं की सवारी लेकर उज्जैन स्थित श्री महाकाल महालोक और ओंकारेश्वर दर्शन कराने के लिए मध्य प्रदेश आए हुए थे। इंदौर प्रवास के दौरान वे राजवाड़ा के समीप स्थित एक भोजनशाला में खाना खा रहे थे, तभी अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वे गश्त खाकर नीचे गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों और श्रद्धालुओं की मदद से उन्हें उपचार के लिए निकटतम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में मौत का कारण साइलेंट अटैक माना जा रहा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी अमरावती स्थित परिजनों को दे दी गई है, और एमजी रोड पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 9 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



