इंदौर-उज्जैन मुख्य मार्ग पर सोमवार रात करीब 11 से 11.30 बजे के बीच धरमपुरी बाईपास स्थित साईं विहार कॉलोनी के समीप भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक आईशर वाहन के चालक की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक एक आईशर वाहन का सड़क पर पहिया फट गया था, जिसके बाद चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदलने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे आईशर वाहन ने खड़े वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

छाया: सतीश शर्मा
टक्कर इतनी तेज थी कि जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एफआरवी और धरमपुरी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। धरमपुरी चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह गोर के अनुसार, पीछे से टक्कर मारने वाले आईशर वाहन के चालक मुकेश पिता कैलाश की मौके पर मौत हो गई। मृतक उज्जैन के समीप पंथ पीपलई गांव का निवासी बताया गया है। दोनों वाहन उज्जैन की ओर जा रहे थे। हादसे में टक्कर मारने वाले वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि अंधेरे में पीछे से आ रहे वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क किनारे खड़े आईशर वाहन से जा टकराया। वहीं, जिस वाहन का टायर बदला जा रहा था, उसके चालक की स्थिति को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इंदौर- उज्जैन रोड पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। ऐसे में रात के समय सड़क किनारे खड़े वाहनों को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 29 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



