सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

चाकू लहराकर घूम रहा जिलाबदर बदमाश गिरफ्तार

पुलिस को देखकर भागने के चक्कर में हुआ घायल

चाकू लहराकर घूम रहा जिलाबदर बदमाश गिरफ्तार

खजराना थाना क्षेत्र में पुलिस ने जिलाबदर के आदेश का उल्लंघन कर इलाके में खुलेआम धारदार चाकू लहराते हुए घूम रहे एक शातिर और कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की घेराबंदी देखकर भागने की कोशिश में आरोपी असंतुलित होकर गिर पड़ा, जिससे वह घायल हो गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस कमिश्नर द्वारा तीन माह की अवधि के लिए जिलाबदर का आदेश जारी किया गया था। पकड़ा गया बदमाश पूर्व में मारपीट, लूट, रंगदारी और एनडीपीएस जैसे कई गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है।

चाकू लहराकर घूम रहा जिलाबदर बदमाश गिरफ्तार

थाना प्रभारी मनोज सेंधव के अनुसार, क्षेत्र में सक्रिय गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुलिस कमिश्नर के आदेश का उल्लंघन करते हुए क्षेत्र का सूचीबद्ध बदमाश फैजल उर्फ कालू उर्फ मांडा पिता मजीद उर्फ डान शाह, निवासी तंजीम नगर, खजराना प्रतिबंधित इलाके में अवैध रूप से घूम रहा है और उसके पास धारदार चाकू भी है। सूचना मिलते ही खजराना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस को सामने देखते ही आरोपी फैजल ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ाहट में दौड़ते समय वह संतुलन खोकर गिर पड़ा, जिससे उसे चोटें आईं और वह घायल हो गया। पुलिस टीम ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से एक अवैध धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी फैजल इलाके का चिन्हित और आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में मारपीट, लूट, अवैध वसूली, अवैध हथियार रखने और एनडीपीएस एक्ट जैसी गंभीर धाराओं के तहत 9 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। खजराना थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम और आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में नया प्रकरण दर्ज कर लिया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें