इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र के खंडवा नाका इलाके में गृहकलह और पिता से हुई कहासुनी से आहत होकर एक शादीशुदा युवक द्वारा फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त करने का दुखद मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खंडवा नाका निवासी 24 वर्षीय कुणाल पिता कर्मलाल का अपने पिता के साथ व्यवसाय से जुड़ी बात पर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि दुकान पर बैठने और जिम्मेदारियों को संभालने की बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी। पिता की बातों से क्षुब्ध और तनावग्रस्त होकर कुणाल अपने कमरे में चला गया और वहां फंदे पर झूल गया। घटना की भनक लगते ही परिजन आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए निकटतम अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक कुणाल विवाहित था और इस अचानक उठाए गए कदम से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची भंवरकुआं थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 9 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



