सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

डिलीवरी बॉय से लूटपाट करने वाली शराब के नशे में धुत युवती पकड़ाई, जिलाबदर साथी की तलाश जारी

इंदौर। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के फूटी कोठी रोड पर गुरुवार देर रात लूटपाट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर से एक महीने पहले ही जिलाबदर किए गए एक…

इंदौर। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के फूटी कोठी रोड पर गुरुवार देर रात लूटपाट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर से एक महीने पहले ही जिलाबदर किए गए एक शातिर बदमाश ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर एक फूड डिलीवरी बॉय का दो किलोमीटर तक पीछा किया और फूटी कोठी के पास घेरकर चाकू की नोक पर उसकी गाड़ी लूट ली। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी युवती को स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया जबकि जिलाबदर आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस के अनुसार, फूड सप्लाई कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत पीयूष देर रात करीब पौने तीन बजे ऑर्डर लेकर हवा बंगला की तरफ जा रहा था। महूनाका के पास स्कूटी सवार एक युवक और युवती ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने पीयूष को रोकने के लिए आवाज दी लेकिन संदेह होने पर पीयूष गाड़ी चलाता रहा। आरोपियों ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद फूटी कोठी के पास ओवरटेक कर पीयूष की गाड़ी रुकवा दी। गाड़ी रुकते ही स्कूटी चला रही युवती ने पीयूष को कसकर पकड़ लिया, जबकि उसके साथी युवक ने कमर से चाकू निकालकर उस पर हमला करने का प्रयास किया। पीयूष ने संघर्ष कर खुद को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और जान बचाने के लिए अपनी गाड़ी वहीं छोड़कर भाग निकला। इसके बाद आरोपी उसकी गाड़ी लेकर चंपत हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सुदामा नगर और द्वारकापुरी क्षेत्र में नाकाबंदी की और 60 फीट रोड से आरोपी युवती को धर दबोचा। पकड़ी गई युवती की पहचान पलक वर्मा निवासी रावजी बाजार के रूप में हुई है, जो वारदात के समय शराब के नशे में धुत थी। वहीं फरार आरोपी की पहचान प्रिंस पुत्र आनंद विश्नार निवासी गाड़ी अड्डा, रावजी बाजार के रूप में हुई है। प्रिंस के खिलाफ रावजी बाजार, जूनी इंदौर और भंवरकुआं थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे एक महीने पहले ही जिलाबदर किया गया था। पुलिस अब फरार जिलाबदर आरोपी प्रिंस की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें