देपालपुर थाना क्षेत्र में जमीन की रजिस्ट्री कराने के विवाद और खेत में मोटर की केबल जलाने की रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया। डंडों और लात-घूंसों से हुई इस मारपीट में एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है।
देपालपुर पुलिस के अनुसार, यह घटना क्षेत्र के ग्राम अरनिया की है। एक पक्ष से फरियादी सरजूबाई पति भगवानसिंह सिसोदिया की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी लखन पिता राधेश्याम सिसोदिया, राकेश पिता रामप्रसाद चौधरी, राहुल पिता इंदर राजपूत और प्रवीण पिता रतन चौधरी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री करवाने की बात को लेकर सरजूबाई के साथ गाली- गलौज की और डंडों तथा थप्पड़-मुक्कों से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई व जान से मारने की धमकी दी।
वहीं, दूसरे पक्ष से फरियादी लखन सिसोदिया की रिपोर्ट पर आरोपी अर्जुन पिता भगवानसिंह सिसोदिया, कान्हा पिता भगवानसिंह और भगवानसिंह पिता करण सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। लखन का आरोप था कि जब वह अपने खेत पर गया, तो उसे मोटर की केबल जली हुई मिली।
जब उसने आरोपियों से इसका कारण पूछा, तो उन्होंने विवाद करते हुए उसके साथ डंडों व लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 15 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

