सिमरोल थाना क्षेत्र में दो बेटों के आपसी झगड़े को शांत कराने पहुंचे पिता की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। दोनों भाइयों में हो रही मारपीट को रोक रहे पिता पर एक बेटे ने गुस्से में आकर लकड़ी के डंडे से सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के झटके से पिता अनियंत्रित होकर सड़क पर पड़े लोहे के सरिए पर जा गिरे, जिससे सरिया उनके पेट में आर-पार हो गया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराने के बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी बेटे को सलाखों के पीछे भेज दिया है। सिमरोल के अनुसार, घटना ग्राम चोरल में पानी की टंकी के पास स्थित आवास योजना कॉलोनी में घटी। मृतक की पहचान 43 वर्षीय दिनेश पिता हिंदूसिंह, निवासी ग्राम चोरल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि घटना की रात दिनेश के दो बेटों, वीरेंद्र उर्फ छोटू और कन्हैया के बीच किसी बात को लेकर सड़क पर कहासुनी और मारपीट हो रही थी। बेटों को झगड़ते देख पिता दिनेश तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को शांत कराते हुए बीच- बचाव करने लगे। इसी बीच उग्र हुए आरोपी बेटे वीरेंद्र उर्फ छोटू ने आपा खो दिया और पास पड़े डंडे से अपने ही पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गहरी चोट लगते ही दिनेश लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े, जहां निर्माण कार्य के लिए रखा लोहे का सरिया सीधे उनके पेट में जा घुसा। परिजन आनन-फानन में उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद अगले दिन उपचार के दौरान उनकी सांसें थम गईं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और पेट की अंदरूनी चोटों के कारण मौत की पुष्टि होने पर सिमरोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र वीरेंद्र उर्फ छोटू के खिलाफ हत्या केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 28 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



