सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर किसान की मौत

टक्कर मारकर चालक दूसरी कार में सवार होकर फरार

इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में डी-मार्ट के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक गाड़ी छोड़कर मौके से दूसरी कार में सवार होकर फरार हो गया। मृतक अपने दोस्तों के साथ काम निपटाकर वापस लौट रहा था। तेजाजी नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर फरार कार सवारों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, महू के कुशलगढ़ निवासी दीपक मनासिया (35) पेशे से किसानी का काम करता था। बीती रात करीब 12 बजे वह अपने दोस्तों के साथ अलग- अलग मोटरसाइकिलों पर काम के सिलसिले में चापड़ा गया हुआ था। वहां से लौटते समय तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित डी-मार्ट के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने दीपक की बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दीपक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे से आ रहे उसके दोस्तों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दीपक को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाले युवक अपनी कार को मौके पर ही छोड़कर दूसरी गाड़ी में बैठकर भाग निकले। मृतक के परिवार में उसकी पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव का पोस्टमार्टम कराया है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें