इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र के जाम बगीचा इलाके में बीती रात मामूली बात को लेकर दो युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। दौड़कर आ रहे आरोपी ने टक्कर लगने की बात पर फरियादी के सिर पर पत्थर मार दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। आजाद नगर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी अब्दुल रेहान पिता अब्दुल आशिक, निवासी जाम बगीचा, आजाद नगर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि बीती रात करीब 11:30 बजे वह इलाके में मौजूद था, तभी आरोपी अल्फेज दौड़ता हुआ आ रहा था और उससे टकरा गया। टक्कर होने पर अल्फेज गाली-गलौज करने लगा। जब रेहान ने गालियां देने से मना किया, तो आरोपी अल्फेज ने हाथ में लिया पत्थर रेहान के सिर पर दे मारा, जिससे सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। इसी दौरान आरोपी माज भी वहाँ पहुँच गया और उसने भी फरियादी के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी भाग निकले। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



