साइबर अपराधों में इस्तेमाल हो रहे संदिग्ध बैंक खातों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत छोटीग्वालटोली थाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ म्यूल अकाउंट चलाने का प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में साइबर धोखाधड़ी की राशि जमा होने के साक्ष्य मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। छोटीग्वालटोली पुलिस के मुताबिक, जांच में संदिग्ध खाते के उपयोगकर्ता जितेंद्र पिता पंचम सिंह, निवासी: इंदिरा नगर, मांगलिया के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में पाया गया कि आरोपी के इंडियन ओवरसीज बैंक के खाते को संदिग्ध म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किया गया, जिसमें 1 अप्रैल 2026 को साइबर ठगी की राशि जमा होना सामने आया। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने खाते के संचालन और इससे जुड़े संदिग्धों के संबंध में विवेचना शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 19 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

