इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ लाखों रुपये की डिजिटल साइबर ठगी का मामला सामने आया है। शातिर साइबर ठग ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर फरियादी को झांसे में लिया और क्रेडिट कार्ड पर मिले रिवॉर्ड पॉइंट्स को कैश में रिडीम कराने का लालच दिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित से एक फर्जी ऐप डाउनलोड करवाकर उसके एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड्स से कुल 4 लाख 88 हजार 977 रुपये की अवैध चपत लगा दी। पीड़ित की शिकायत पर हीरानगर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जगदीश कॉलोनी गुना निवासी दीपक कुमार पिता अरुण कुमार लाड़ ने थाने में उपस्थित होकर डिजिटल फ्रॉड की रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी दीपक कुमार ने बताया कि गत 1 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर अज्ञात मोबाइल नंबर 9362428785 से एक कॉल आया। कॉल करने वाले अज्ञात आरोपी ने खुद को बैंक का अधिकृत अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड पर कई रिवॉर्ड क्रेडिट पॉइंट्स जमा हैं, जिन्हें नकद राशि में बदला जा सकता है। आरोपी के झांसे में आकर फरियादी उसके बताए निर्देशों का पालन करने लगे। ठग ने उन्हें झांसा देकर उनके मोबाइल में एक्सीस कार्ड नाम का एक संदिग्ध ऐप डाउनलोड कराया और फिर उस ऐप के जरिए फरियादी से उनके क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी और विवरण अपडेट करा लिया। जैसे ही फरियादी ने जानकारी दर्ज की, आरोपियों ने उनके एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से दो बार में क्रमशः 99,905 रुपये और 2,33,852 रुपये तथा एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से 1,55,220 रुपये के अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर लिए।
अचानक मोबाइल पर लाखों रुपये के क्रेडिट कार्ड से भुगतान कटने के मैसेज देखकर फरियादी के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत अपने बैंक के कस्टमर केयर पर संपर्क कर कार्ड ब्लॉक कराए और हीरानगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। हीरानगर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मोबाइल नंबर 9362428785 के अज्ञात धारक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की साइबर सेल टीम मोबाइल नंबर की लोकेशन और ट्रांजेक्शन के मर्चेंट खातों को ट्रेस कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



