इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। कॉलोनी के सार्वजनिक बोरिंग के पानी से अपनी निजी कार धोने से मना करने पर एक युवक इतना उग्र हो गया कि उसने विरोध करने वाले पड़ोसी को सरेराह गालियां दीं और बाद में जान से खत्म करने की धमकी दे डाली। पीड़ित पड़ोसी की शिकायत पर राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सत्यम पैलेस शिवसागर कॉलोनी निवासी रणविजय कुमार सिंह पिता अशोक कुमार सिंह ने राजेंद्र नगर थाना पहुंचकर शिकायती रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उनकी ही कॉलोनी में रहने वाला आरोपी विशाल राठौर सोसाइटी के सार्वजनिक बोरिंग का पानी पाइप के जरिए सड़क पर लाकर अपनी निजी कार धो रहा था। जब फरियादी ने इस तरह सार्वजनिक पानी का दुरुपयोग करने और सड़क पर गाड़ी धोने से मना किया, तो आरोपी विशाल आपा खो बैठा और फरियादी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गालियां देने लगा। जब पीड़ित रणविजय सिंह ने सार्वजनिक रूप से गालियां देने का विरोध किया और मना किया, तो आरोपी विशाल राठौर और अधिक भड़क गया। जाते-जाते उसने धमकी दी कि अगर दोबारा उसे गाड़ी धोने से रोका गया या बीच में बोला तो वह किसी दिन जान से खत्म कर देगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



