रालामंडल रोड पर कार में पीछे से बाइक टकराने के बाद हुए विवाद में बाइक सवार बदमाशों ने कार चालक की कॉलर पकड़कर उसके साथ मारपीट कर दी। पीड़ित की शिकायत पर तेजाजी नगर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, छत्रीबाग निवासी फरियादी हर्ष पिता राजेश राठौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने भाई उत्सव और साथी प्रणय चौरसिया के साथ कार से रालामंडल रोड होकर जा रहा था। इसी दौरान बाइक क्रमांक एमपी 09 जेडब्ल्यू 9368 पर सवार बदमाशों ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए कार में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर जब हर्ष और उसके साथी कार से नीचे उतरे और बाइक सवारों को देखकर गाड़ी चलाने की सलाह दी, तो आरोपी उग्र हो गए और गाली- गलौज करने लगे। पीड़ित द्वारा गाली देने का विरोध करने पर आरोपी विक्की चौहान (निवासी रालामंडल) और उसके साथी ने हर्ष की कॉलर पकड़ ली और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। तेजाजी नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



