सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

कॉलोनाइजरों की जालसाजी… बंधक प्लॉट बेचकर की धोखाधड़ी

4 आरोपियों पर केस दर्ज श्रीनाथ टाउनशिप के मॉर्गेज प्लॉटों को छिपाकर ऐंठी रकम

इंदौर। लसूडिया थाना क्षेत्र में कॉलोनाइजरों द्वारा बंधक (मॉर्गेज) रखे गए भूखंडों को खरीदारों से जानकारी छिपाकर अवैध रूप से बेचने और धोखाधड़ी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोपियों ने स्वयं को अनुचित लाभ पहुंचाने और पीड़ितों को वित्तीय नुकसान पहुंचाने की नीयत से सुनियोजित तरीके से इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। पीड़ितों की शिकायत और पुलिस द्वारा लिए गए कथनों की जांच के बाद लसूडिया पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, महादेव सहारा रूचि सोया गेट निवासी निलेश पिता राजेंद्र जैन एवं अन्य पीड़ितों ने लसूडिया थाने में कॉलोनाइजरों के खिलाफ आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने श्रीनाथ टाउनशिप ग्राम ढाबली स्थित कॉलोनी में भूखंड खरीदे थे और आरोपियों को इसके एवज में पूरी धनराशि का भुगतान भी कर दिया था। लेकिन बाद में पता चला कि जो प्लॉट उन्हें बेचे गए थे, वे पहले से ही प्रशासनिक नियमों के तहत बंधक रखे हुए थे। पुलिस द्वारा लिए गए आवेदकों के विस्तृत बयानों और दस्तावेजों की पड़ताल में यह बात पूरी तरह साबित हुई कि अनावेदक प्रकाश वर्मा, राजाराम सुमन, राकेश सुमन तीनो निवासी कासाग्रीन, तलावली चांदा और मधु सुमन निवासी ग्राम बारौली को अच्छी तरह पता था कि उक्त प्लॉट मॉर्गेज हैं। इसके बावजूद आरोपियों ने इस महत्वपूर्ण जानकारी को जानबूझकर छिपाया और कूटरचित तरीके से प्लॉट बेचकर पीड़ितों से मोटी रकम ऐंठ ली।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें