मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

चेकिंग में धराया अंतरप्रांतीय वाहन चोर, 4 मोटरसाइकिलें बरामद

शहर में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान राऊ थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने…

शहर में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान राऊ थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जिसकी निशानदेही पर चोरी की 4 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। आरोपी ने राऊ के अलावा शहर के भंवरकुआं और सराफा थाना क्षेत्रों से भी गाड़ियां चोरी करने का जुर्म कबूल किया है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर उसके अन्य साथियों और शहर में हुई अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में कड़ी पूछताछ कर रही है।

राऊ पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर आ रहे युवक को रोककर जब वाहन के कागजात मांगे गए, तो वह टालमटोल करने लगा। पुलिस ने जब बाइक के इंजन और चेसिस नंबर की जांच की, तो पता चला कि उक्त गाड़ी राऊ थाना क्षेत्र से ही चोरी हुई थी। पुलिस ने तत्काल संदेही को हिरासत में ले लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम महेश निवासी ग्राम उमरिया, किशनगंज बताया। थाने लाकर जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने वाहन चोरी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। आरोपी महेश ने कबूला कि उसने राऊ के अलावा शहर के व्यस्ततम भंवरकुआं और सराफा थाना क्षेत्रों से भी तीन अन्य बाइकें पार की थीं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की कुल 4 मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं। राऊ थाना प्रभारी राजपाल सिंह राठौर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 27 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें