सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

चोला मंडल फाइनेंस का फर्जी एजेंट बनकर करोड़ों की ठगी

लोन और वैल्यूएशन के नाम पर लाखों ऐंठने वाला गिरफ्तार

चोला मंडल फाइनेंस का फर्जी एजेंट बनकर करोड़ों की ठगी

इंदौर। लोन स्वीकृत कराने और संपत्ति की वैल्यूएशन बढ़ाने के नाम पर फरियादी के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर ठग के खिलाफ इंदौर क्राइम ब्रांच ने शिकंजा कसा है। आरोपी खुद को 'चोला मंडल फाइनेंस कंपनी' का एजेंट बताकर कूटरचित व फर्जी प्रॉपर्टी सर्च और वैल्यूएशन रिपोर्ट तैयार करवाता था। पीड़ित की शिकायत की गहन जांच के बाद क्राइम ब्रांच इंदौर ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के अन्य सहयोगियों और वित्तीय संस्थानों के साथ मिलीभगत के नेटवर्क को लेकर विस्तृत जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच डीसीपी राजेश त्रिपाठी के अनुसार, पीड़ित ने वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी कि तेजाजी नगर निवासी आरोपी नवीन ओझा ने खुद को बैंक व फाइनेंस कंपनी का ब्रोकर बताकर झांसे में लिया। आरोपी ने फरियादी को चोला मंडल फाइनेंस कंपनी से 2 करोड़ 5 लाख रुपये का बड़ा लोन मंजूर करवाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रॉपर्टी की ज्यादा वैल्यूएशन करवाने और स्टाम्प ड्यूटी जमा कराने के नाम पर आरोपी ने आरटीजीएस व नगद माध्यम से लाखों रुपये ले लिए और पूरी रकम हड़प ली। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी नवीन ओझा ने फर्जी और कूटरचित सर्च व वैल्यूएशन रिपोर्ट तैयार कराई थी। उसने फाइनेंस कंपनी व सहयोगियों के नाम का गलत इस्तेमाल कर धोखाधड़ी और अमानत में खयानत को अंजाम दिया। जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां देने लगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर क्राइम ब्रांच इंदौर ने आरोपी नवीन ओझा के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(2), 316(5) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में थाना भंवरकुआं में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज पाया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोन स्वीकृति के लिए तैयार किए गए फर्जी व कूटरचित दस्तावेज जब्त कर लिए हैं और उससे जुड़े अन्य फर्जीवाड़ों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 1 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें