सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

ट्रेडिंग में कई गुना मुनाफे का लालच देकर 1.01 लाख की ठगी

मुंबई की फर्जी कंपनी बताकर व्हाट्सएप पर किया कॉल

इंदौर। शेयर बाजार में निवेश और मोटे मुनाफे का झांसा देकर एक युवक से 1 लाख 1 हजार रुपये की साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शातिर साइबर ठगों ने खुद को मुंबई की ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताकर फरियादी का ट्रेडिंग अकाउंट एक्सेस किया और वनटैप पेमेंट लिंक भेजकर रकम ऐंठ ली। बाणगंगा पुलिस ने व्हाट्सएप नंबर धारकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, देवास निवासी हर्षवर्धन पिता शिवसिंह राजपूत, हाल मुकाम- तिरुपति इंडस्ट्रियल एस्टेट, एमआर-10 रोड ने बाणगंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि बीते 21 जून को उनके व्हाट्सएप पर दो अज्ञात नंबरों 9920180582 और 9930741276 से कॉल और मैसेज आए। फोन करने वालों ने खुद को मुंबई की एक नामी ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा बताकर शेयर बाजार में निवेश पर कई गुना रिटर्न दिलाने का लालच दिया। झांसे में आकर फरियादी ने 22 से 25 जून के बीच अपने 'ग्रो'अकाउंट का एक्सेस ठगों को दे दिया और उसमें 2 लाख रुपये अपलोड कर दिए, जिसे आरोपियों ने जानबूझकर घाटा में दर्शा दिया। इसके बाद शातिर ठगों ने एडवांस प्रॉफिट दिलाने के नाम पर 'वनटैप पेमेंट लिंक' भेजी और फरियादी से 7 अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 1,01,000 रुपये जमा करवा लिए। जब ट्रेडिंग में भारी नुकसान के बाद भी एडवांस प्रॉफिट के नाम पर रुपये मांगे जाने लगे, तो फरियादी को साइबर फ्रॉड का अहसास हुआ। पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें