तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में खंडवा रोड पर चलती बस के गेट पर खड़े होकर गुटखा थूकना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। स्पीड ब्रेकर पर बस के उछलते ही युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार चलती बस से सीधे सड़क पर जा गिरा। हादसे में सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण युवक को तत्काल एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक का नाम अनिल(32) निवासी मोरटक्का है। अनिल बस में सवार होकर इंदौर से खंडवा की ओर जा रहा था। साथ में सफर कर रहे यात्रियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रास्ते में उमरिया के पास अनिल गुटखा थूकने के मकसद से चलती बस के दरवाजे तक पहुँचा था। उसी दौरान अचानक सड़क पर आए स्पीड ब्रेकर पर से बस गुजरी, जिससे वाहन में तेज झटका लगा और संतुलन बिगड़ने से अनिल नीचे सड़क पर आ गिरा। हादसे के तुरंत बाद चालक ने बस रोकी और यात्रियों की मदद से खून से लथपथ अनिल को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों के भरसक प्रयासों के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



