भंवरकुआं थाना क्षेत्र में राजीव गांधी सर्विस रोड पर बेखौफ बदमाशों द्वारा लूटपाट की एक वारदात को अंजाम दिया गया है। मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक राहगीर की बाइक में लात मारकर उसे नीचे गिरा दिया और फिर चाकू की नोक पर गले से ढाई तोले की सोने की चेन छीनकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और गाड़ी नंबर के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी किशोर पटेल
खंडवा नाका ने भंवरकुआं थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह राजीव गांधी सर्विस रोड से गुजर रहा था। उसी दौरान एक मोटरसाइकिल क्रमांक एमी 09 बीके 0672 पर सवार होकर आए तीन अज्ञात युवकों ने उसकी चलती बाइक में जोर से लात मार दी, जिससे वह असंतुलित होकर सड़क पर नीचे गिर पड़ा। फरियादी के नीचे गिरते ही तीनों बदमाशों ने उसे घेर लिया। उनमें से एक बदमाश ने तुरंत चाकू निकालकर पीड़ित पर अड़ा दिया, जिससे वह दहशत में आ गया। इसके बाद तीनों बदमाशों ने मिलकर फरियादी के गले में पहनी हुई करीब ढाई तोले की पुरानी सोने की चेन जबरन खींच ली। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी अपनी तेज रफ्तार बाइक से मौके से फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर भंवरकुआं थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 27 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



