इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र के चंदूवाला रोड पर शनिवार रात नशे में धुत एक बदमाश ने हाथ में खुलेआम धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराया-धमकाया और महिलाओं के साथ अभद्रता व छेड़छाड़ की। स्थानीय नागरिकों द्वारा बदमाश की इस गुंडागर्दी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आते ही चंदन नगर थाना पुलिस ने देर रात तत्काल दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और थाने लाकर उसकी सख्त क्लास लेते हुए परिसर में कड़ाई से उठक-बैठक लगवाई।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी क्षेत्र का लिस्टेड बदमाश जबीर उर्फ कल्लू पिता शाकिर है। शनिवार रात आरोपी अपने साथियों के साथ नशे में धुत होकर सड़क पर उतर आया और हाथ में चाकू लेकर राहगीरों से अड़ीबाजी, अवैध वसूली तथा जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी दौरान उसने वहां से गुजर रही महिलाओं के साथ भी छेड़छाड़ और बदसलूकी की। घटना का वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और घेराबंदी कर आरोपी जबीर को उसके ठिकाने से कस्टडी में ले लिया। थाने लाते ही पुलिस ने आरोपी का सारा नशा हिरन कर दिया और परिसर में ही उससे कान पकड़वाकर उठक-बैठक लगवाई। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी जबीर उर्फ कल्लू के खिलाफ पूर्व से ही आधा दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट, अवैध वसूली, धमकी और छेड़छाड़ की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। चदन नगर पुलिस ने फरियादी मुस्तफा शाह निवासी गोसिया मस्जिद की शिकायत पर आरोपी जाबिर उर्फ कल्लू के खिलाफ अडीबाजी का प्रकरण भी दर्ज किया है। फरियादी जब घर जा रहा था तभी शराब पीने के लिए आरोपी ने 1 हजार रुपये मांगे और नहीं देने पर मारपीट करने के बाद चाकू दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



