इंदौर। मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उंडवा में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है। घर के बाहर बंधा बकरा चोरी होने के बाद ग्रामीणों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दो शातिर चोरों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोचा और मानपुर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम उंडवा निवासी फरियादी अवंतिबाई पति प्रताप निनामा (60) ने मानपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि बीती रात उनके घर के बाहर बंधा हुआ बकरा अचानक गायब हो गया। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब बकरे का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जांचे। फुटेज में दो संदिग्ध युवक चोरी का बकरा ले जाते हुए दिखाई दिए। ? सीसीटीवी फुटेज में हुलिया देखने के बाद अवंतिबाई के बेटे और गांव के अन्य लोगों ने तुरंत आसपास के इलाके में संदिग्धों की तलाश शुरू की। कुछ ही दूरी पर ग्रामीणों ने दोनों संदिग्धों को घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों की पहचान दिलीप सोलंकी निवासी कुक्षी, जिला धार और कृष्णा निवासी जिला सागर के रूप में हुई। ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को तुरंत मानपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मानपुर पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



