इंदौर। लसूडिया थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने अपने महंगे शौक और लग्जरी लाइफ स्टाइल को पूरा करने के लिए दो अलग-अलग फ्लैटों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने के जेवरात उड़ाए थे। लसूडिया थाना पुलिस की विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए आरोपियों का पीछा किया और उनके घर तक पहुंचकर उन्हें धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से करीब 4.5 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना 12 अगस्त को महालक्ष्मी नगर निवासी फरियादिया अंजली पिता गिरिराज पटवारी के फ्लैट पर घटित हुई थी, जहां अज्ञात चोर ताला तोड़कर सोने की चेन-पेंडेंट, सोने की अंगूठी, कपड़े और नकदी चुरा ले गए थे। वहीं दूसरी घटना 20 अगस्त को इसी क्षेत्र में रहने वाली साक्षी पिता अरविंद कुमार तोमर के सूने मकान में हुई, जहां से बदमाशों ने ताला तोड़कर सोने के जेवर व नकद राशि पर हाथ साफ कर दिया था। दोनों ही मामलों में शिकायत दर्ज कर लसूडिया पुलिस ने जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की थी। गठित टीम ने जब दोनों अपराध स्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की, तो दोनों स्थानों पर एक ही हुलिए के दो संदिग्ध व्यक्ति आते-जाते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने फुटेज के आधार पर संदिग्धों के भागने के रूट को ट्रैक करना शुरू किया और पीछा करते-करते एक आरोपी के घर के करीब पहुंच गई। स्थानीय लोगों को फुटेज दिखाने पर मुख्य आरोपी की पहचान साहिल पिता अश्विन सिंह बीष्ट निवासी चर्च कंपाउंड, पीएससी कार्यालय के सामने के रूप में हुई। पुलिस ने दबिश देकर संदेही साहिल बीष्ट को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की, जिस पर उसने दोनों चोरियों का अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी साहिल ने बताया कि उसने अपने साथी अनुराग उर्फ भय्यू पिता अवधेश दुबे, निवासी पुष्प रतन कॉलोनी, देवगुराड़िया के साथ मिलकर दोनों फ्लैटों के ताले तोड़े थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सह-आरोपी अनुराग को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 32 ग्राम सोने का मशरूका, जिसकी कुल कीमत लगभग 4.5 लाख रुपये है, जब्त कर लिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। आरोपी साहिल बीष्ट के खिलाफ इंदौर के अलग-अलग थानों में चोरी, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के 15 गंभीर अपराध दर्ज हैं, जबकि आरोपी अनुराग दुबे के खिलाफ चोरी, चेन स्नेचिंग और मारपीट के 4 मामले पहले से पंजीबद्ध हैं। लसूडिया पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर शहर में हुई अन्य चोरियों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



