सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

टीसीएस कंपनी के पास घेराबंदी कर पकड़ा,सीट कवर में छिपा रखी थी ड्रग्स

शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर की टीम को एक और सफलता…

टीसीएस कंपनी के पास घेराबंदी कर पकड़ा,सीट कवर में छिपा रखी थी ड्रग्स

शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर की टीम को एक और सफलता मिली है। गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस ने सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में टीसीएस कंपनी के पीछे वाली रोड पर घेराबंदी कर एक शातिर तस्कर को धरदबोचा। आरोपी के कब्जे से 12 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।

क्राइम ब्रांच की टीम सुपर कॉरिडोर होते हुए टीसीएस के गेट नंबर 3 के पास चेकिंग और संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर बैठा एक युवक पुलिस टीम को देखकर अचानक हड़बड़ाने लगा और भागने की कोशिश करने लगा। संदेहास्पद स्थिति देखकर पुलिसकर्मियों ने तुरंत घेराबंदी कर उसे रोक लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अजय सूर्यवंशी निवासी राजेंद्र नगर,बताया। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने खुद ही मोटरसाइकिल के सीट कवर में छिपाई हुई पन्नी निकालकर पेश की, जिसकी जांच करने पर 12 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई। बरामद की गई ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1,20,000 बताई जा रही है, जबकि जब्त मोटरसाइकिल की कीमत 50,000 है। कुल 1,70,000 का मशरूका जब्त कर आरोपी अजय सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी 10वीं तक पढ़ा-लिखा है और सब्जी बेचने के काम की आड़ में नशा तस्करी में लिप्त था। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसके खिलाफ थाना भंवरकुआं में हत्या के प्रयास और राजेंद्र नगर थाने में पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच की टीम अब आरोपी से ड्रग्स के मुख्य सप्लायर, नेटवर्क और स्थानीय खरीदारों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 28 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें