इंदौर। फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर खुद को सांवेर का शहर काजी घोषित कराने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। प्रशासनिक जांच में दस्तावेजों में दिए गए तथ्य मिथ्या और भ्रामक पाए जाने के बाद सांवेर पुलिस ने मोहम्मद सलामुद्दीन बरकाती के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
एसडीओपी देवेंद्र धुर्वे ने बताया कि सांवेर में रहने वाले मोहम्मद सलामुद्दीन बरकाती ने वास्तविक तथ्यों को छिपाकर कुछ दस्तावेज तैयार किए और उनके आधार पर खुद को तहसील सांवेर में शहर काजी स्थापित कराने के लिए वरिष्ठ कार्यालयों को पत्र भेजे। शिकायतकर्ता अकबर पटेल ने कलेक्टर कार्यालय के पिछडा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग में शिकायत की थी। जिसके बाद जांच हुई, कारण बताओ नोटिस भी जारी किया। इसके बाद सलामुद्दीन बरकाती विभाग में पेश हुए और अपन कृत्य को स्वीकार करते हुए अपनी भूलवश गलती बताया। इसके बाद पिछडा सहायक संचालक अनिल सोनी ने जांच प्रतिवेदन बनाकर एसपी देहात को भेजा, जिसके बाद सांवेर पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज किया है। मामले में पुलिस प्रशासनिक जांच के दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है। आरोपी द्वारा तैयार किए गए दस्तावेजों और वरिष्ठ कार्यालयों को भेजे गए पत्रों की भी पड़ताल की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



