इंदौर। पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में आने वाली सामाजिक संस्था श्री महाराष्ट्र चर्मकार समाज नार्थ हरसिद्धी में बड़ा आर्थिक फर्जीवाड़ा और गबन का मामला सामने आया है। संस्था के वर्तमान पदाधिकारियों पर नियमों का उल्लंघन कर संस्था के बैंक खातों से सीधे भुगतान न करते हुए रकम अपने व्यक्तिगत खातों में लेने और फंड का दुरुपयोग करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत और लेखा परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर संस्था के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और सहसचिव के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पंढरीनाथ पुलिस के अनुसार इस मामले में गणेश मस्तुद, राव साहेब रोजस्कर, रीना कामले, दिनेश शिन्दे और राजू शिंदे के बयानों को आधार बनाया गया है। पुलिस ने श्री महाराष्ट्र चर्मकार समाज, नार्थ हरसिद्धी स्थित कार्यालय के पदाधिकारियों अध्यक्ष शरद सातपुते निवासी नर्मदा नगर, कोषाध्यक्ष शशिकांत नन्नौरे निवासी कालंदी पार्क, सहसचिव दिवाकर शिन्दे निवासी द्वारकापुरी और उपाध्यक्ष चेतन सोनोने निवासी मच्छी बाजार के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि संस्था के विभिन्न आयोजनों और खर्चों के भुगतान के लिए राशि सीधे संस्था के आधिकारिक खाते से वेंडर को दी जानी चाहिए थी, लेकिन इन पदाधिकारियों ने नियमों को ताक पर रखकर संस्थागत व्यय का भुगतान अपने व्यक्तिगत बैंक खातों के माध्यम से किया और फंड का मनमाने ढंग से दुरुपयोग किया। शासन की रिपोर्ट और पुख्ता दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन और विश्वासघात की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



