बाणगंगा थाना क्षेत्र के शिवकंठ नगर रोड पर लिफ्ट देने के बहाने एक बुजुर्ग के साथ बाइक सवार बदमाश ने मारपीट कर दी। बाइक सवार बदमाश बुजुर्ग को घर छोड़ने का झांसा देकर जबरन अंधेरे और सुनसान रास्ते की ओर ले जाने लगा। जब पीड़ित ने विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट आई है। पीड़ित की शिकायत पर बाणगंगा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाणगंगा पुलिस के अनुसार, फरियादी साहेबदीन पिता बुद्धई गौतम मूल निवासी ग्राम व जिला गोंडा, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी शिवकंठ नगर, इंदौर ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि वे रास्ते में पैदल जा रहे थे, तभी एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार उनके पास रुका। आरोपी ने उन्हें शिवकंठ नगर तक छोड़ने की बात कहकर अपनी बाइक पर बैठा लिया। पीड़ित जब उसकी बाइक पर बैठ गए, तो कुछ दूरी पर जाने के बाद आरोपी गाड़ी को मुख्य रास्ते से हटाकर अंधेरे और सुनसान क्षेत्र की ओर ले जाने लगा। अनहोनी की आशंका जताते हुए जब साहेबदीन ने उसे गाड़ी रोकने को कहा, तो आरोपी भड़क गया और सरेराह गालियां देने लगा। बुजुर्ग द्वारा गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी ने गाड़ी रोककर उनके साथ हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने पीड़ित को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वे असंतुलित होकर सड़क पर नीचे गिर पड़े। नीचे गिरने से बुजुर्ग के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी बाइक लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



