इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम पिवड़ाय में संपत्ति और खेत से जुड़े विवाद को लेकर सगे भाई द्वारा ही अपने भाई पर धारदार दराती से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खेत में काम कर रहे फरियादी का गला दबाकर आरोपी भाई ने पेट पर दराती से वार कर दिया, जिससे पीड़ित लहूलुहान हो गया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से भाग निकला। पीड़ित की रिपोर्ट पर खुड़ैल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पिवड़ाय निवासी सतीश पिता मुरली गोखले ने खुड़ैल थाने पहुंचकर अपने सगे भाई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। फरियादी सतीश ने बताया कि वे दोपहर के समय अपने साथी बंसीलाल पिता रामेश्वर के साथ खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका भाई संजय पिता मुरली गोखले वहां पहुंचा और गालियां देते हुए खेत में बिछे सिंचाई के पाइप उठाकर फेंकने लगा। जब सतीश और बंसीलाल ने संजय को गाली-गलौज करने और पाइप फेंकने से मना किया, तो आरोपी आपा खो बैठा। उग्र होकर संजय ने सतीश का गला दबोच लिया और दराती से पेट पर वार कर दिया। हमले में सतीश के गले पर खरोंच के निशान आ गए तथा पेट पर दराती लगने से घाव हो गया और खून बहने लगा। बीच-बचाव के बाद आरोपी संजय वहां से भागने लगा और जाते-जाते धमकी दी कि आइंदा खेत पर नजर आए तो जान से खत्म कर दूंगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



