मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाला गिरफ्तार

पूर्व से दर्ज हैं शातिर आरोपी पर एक दर्जन अपराध

शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हीरानगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गश्त और चैकिंग के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे अवैध ड्रग्स सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी पूर्व में पकड़े गए नशा तस्करों को ब्राउन शुगर सप्लाई करता था। आरोपी के खिलाफ इंदौर शहर के विभिन्न थानों में आबकारी और एनडीपीएस एक्ट के करीब एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। हीरानगर थाना पुलिस की टीम इलाके में गश्त और संदिग्धों की पतारसी में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि पूर्व में गिरफ्तार किए गए मादक पदार्थ के आरोपियों को ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाला मुख्य तस्कर इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित वैधानिक कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान की घेराबंदी की और घेरा डालकर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम अजय उर्फ अज्जू यादव निवासी भागीरथपुरा बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का भाई भी पूर्व में क्राइम ब्रांच द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है, जिस पर बाणगंगा थाना पुलिस द्वारा पिट्स एक्ट के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। हीरानगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विवेचना के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब रिमांड लेकर आरोपी से अवैध मादक पदार्थों के मुख्य स्रोतों, सप्लाई नेटवर्क और शहर में जुड़े अन्य साथियों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें