मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

बिल्डिंग के दरवाजे पर लगाना पड़ेगी आग से बचाव की रिपोर्ट

फायर की एनओसी हो या फायर ऑडिट उसका करना होगा प्रदर्शन

नगर निगम के द्वारा यह निर्देश जारी किया गया है कि अब शहर के सभी बड़े भवनों को अपनी बिल्डिंग के दरवाजे पर आग से बचाव की रिपोर्ट लगाना होगी। इस बिल्डिंग के द्वारा चाहे फायर की एनओसी ली गई हो या फिर फायर का आडिट कराया हो, उसका दरवाजे पर प्रदर्शन करना अनिवार्य कर दिया गया है।

नगर निगम के अपर आयुक्त ताहर सिंह के द्वारा एक आदेश जारी किया गया है। इस आदेश में कहा गया है कि नगर पालिक, निगम इंदौर द्वारा राष्ट्रीय भवन संहिता एवं प्रचलित अग्नि सुरक्षा प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक फैसला लिया गया है। इसके अंतर्गत ऐसे समस्त भवन संस्थान, होटल, अस्पताल, मॉल, शिक्षण संस्थान, व्यावसायिक प्रतिष्ठान आदि जिन्हें फायर अधिकारी के द्वारा फायर एन ओ सी जारी की गई है अथवा जिनके द्वारा फायर ऑडिट करवाया गया है उन्हें अपनी एनओसी अथवा अर्जित रिपोर्ट को भवन के मुख्य प्रवेश द्वार पर इस तरह से प्रदर्शित करना होगा जिससे कि वह आम जनता को स्पष्ट रूप से नजर आ जाए। इस आदेश में कहा गया है कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को यह जानकारी उपलब्ध कराना है कि संबंधित भवन निर्धारित अग्नि सुरक्षा के अनुरूप है और इसमें आवश्यक अग्निशमन उपकरण तथा व्यवस्थाएं मौजूद है। भवन के मुख्य द्वार पर इस रिपोर्ट के प्रदर्शित होने से आम नागरिक सुरक्षित भवन की पहचान कर सकेंगे। भवन के प्रबंधन अथवा मालिक के द्वारा अग्नि सुरक्षा के उपाय किया जाना भी सुनिश्चित हो सकेगा।

इस आदेश में कहा गया है कि अब नगर निगम के द्वारा ऐसे भवनों का निरीक्षण किया जाएगा। इसमें यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मुख्य द्वार के पास में इस तरह की रिपोर्ट का प्रदर्शन किया गया है या नहीं। यदि रिपोर्ट का प्रदर्शन नहीं पाया जाता है तो फिर संबंधित संस्थानों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान का दूसरा चरण

ध्यान रहे कि अब तक नगर निगम और जिला प्रशासन के द्वारा मिलकर सभी संस्थाओं की जांच करते हुए वहां पर फायर से बचाव के उपकरण होने और उनके चालू हालत में होने की स्थिति को देखा जा रहा था। इसके आधार पर कई संस्थानों पर कार्रवाई की गई थी। अब यह इस अभियान का दूसरा चरण है। अब तक जिन संस्थाओं के द्वारा यह रिपोर्ट प्राप्त कर ली गई है उन्हें अगले चरण में इसका प्रदर्शन कर सामान्य को इससे अवगत कराना होगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 20 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें